लोहरदगा: देशभर के ड्राइवरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 12 नवंबर 2026 से राष्ट्रव्यापी ‘स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन’ शुरू कर दिया है। ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन को ऑल झारखंड ड्राइवर ट्रेड यूनियन ने भी समर्थन दिया है। यूनियन ने झारखंड में ड्राइवरों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान की मांग को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में शामिल होने का निर्णय लिया है।
यूनियन का कहना है कि देश की परिवहन व्यवस्था और अर्थव्यवस्था को चलाने में ड्राइवरों की अहम भूमिका है। ड्राइवर दिन-रात सड़कों पर रहकर यात्रियों और सामान को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सड़क दुर्घटनाओं, असुरक्षित कार्य परिस्थितियों और आर्थिक असुरक्षा के कारण ड्राइवरों के साथ उनके परिवारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सरकार के सामने रखीं पांच प्रमुख मांगें
ऑल झारखंड ड्राइवर ट्रेड यूनियन ने ड्राइवरों की समस्याओं को लेकर सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें ड्राइवरों के लिए प्रभावी सुरक्षा कानून बनाने, राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग का गठन करने और ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड स्थापित करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा ड्राइवरों को सामाजिक सुरक्षा, जीवन बीमा और दुर्घटना सहायता का लाभ देने की मांग की गई है। यूनियन का कहना है कि ड्राइवरों के काम के घंटे भी निर्धारित किए जाने चाहिए, ताकि उन्हें लगातार और असुरक्षित परिस्थितियों में काम करने के लिए मजबूर न होना पड़े।
मृत्यु पर 20 लाख और घायल होने पर 10 लाख मुआवजे की मांग
यूनियन ने सड़क दुर्घटनाओं में ड्राइवरों की सुरक्षा और उनके परिवारों के आर्थिक संरक्षण का मुद्दा भी उठाया है। संगठन की मांग है कि सड़क दुर्घटना में ड्राइवर की मृत्यु होने पर उसे आकस्मिक मृत्यु मानते हुए परिजनों को 20 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। वहीं दुर्घटना में घायल होने पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
ड्राइवरों के अधिकार और सम्मान के लिए आंदोलन
यूनियन ने केंद्र और राज्य सरकार से ड्राइवरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की है। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यवस्था को बाधित करने के बजाय ड्राइवरों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष साजिद अंसारी, जिला सचिव उज्ज्वल पाठक, अख्तर अंसारी, प्रमोद उरांव, मणौवर अंसारी समेत कई लोग मौजूद थे।
