रांची के सैनिक मार्केट स्थित प्रतिष्ठित आजाद फार्मेसी में रविवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुएं का गुबार उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकान संचालक और दमकल विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
अगलगी में दुकान में रखी बड़ी मात्रा में दवाइयां और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गए। दुकान संचालक की ओर से फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आशंका है कि इस घटना में लाखों रुपये की दवाइयां और संपत्ति का नुकसान हुआ है।
राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


