झारखंड सरकार में मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार तड़के कार्डियक अरेस्ट के बाद निधन हो गया। वे गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे और राज्य सरकार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास, पर्यटन, कला-संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से झारखंड के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। JMM ने उनके निधन को पार्टी, सरकार और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा शोक जताते हुए उन्हें अपना बड़ा भाई और बेहद करीबी साथी बताया। उन्होंने कहा कि सोनू भैया का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है और उनके निधन से जीवन में ऐसी रिक्तता पैदा हुई है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है।
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड सरकार और JMM को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

