कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। गुरुवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर डोमचांच प्रखंड मुख्यालय के समक्ष आयोजित इस प्रदर्शन में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को उठाया गया। कांग्रेस ने मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की।
SIR के नाम पर पात्र मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने किया। इस दौरान पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक मुख्य रूप से मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि SIR की प्रक्रिया के नाम पर पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी से नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
नाम हटाने से पहले पक्ष रखने का मिले मौका : प्रकाश रजक
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और इसे तैयार करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए। यदि किसी मतदाता के नाम को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है, तो उससे पहले संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर मिलना चाहिए।

