हजारीबाग: चौपारण थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। सिंघरावां मोड़ से करीब 200 मीटर दूर लराही रोड स्थित दुकान में अपराधियों ने दुकानदार के घर में घुसकर परिजनों को बंधक बनाया और हथियार के बल पर घर व दुकान के लॉकर और अलमारी खुलवाकर नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
बताया जा रहा है कि अपराधी लूट के दौरान परिवार के दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। बाद में एक मोबाइल फोन आसपास फेंके जाने की जानकारी सामने आई, जबकि दूसरे मोबाइल को गुरपा-गझंडी के पास स्विच ऑफ किए जाने की बात कही जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
वहीं, बरही डीएसपी के अनुसार शुरुआती जांच में करीब 10 से 12 लाख रुपये के सामान की लूट की बात सामने आई है। पुलिस मामले में पीड़ित परिवार से पूछताछ करने के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
लूट की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद लूट की वास्तविक रकम और घटना में शामिल अपराधियों की संख्या समेत अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।


