देवघर: मोहनपुर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 21.01 ग्राम ब्राउन शुगर और 5,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 158/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट समेत बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि हिंडोलावरण और सिमरजोर इलाके में कुछ लोग ब्राउन शुगर का सेवन और खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए SIT टीम का गठन किया गया।
SIT ने हिंडोलावरण से तपोवन जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे तीनघर के पास नव निर्मित अस्पताल के समीप छापेमारी की। इस दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रफुल कुमार (33), भीम राय (20), जितेंद्र कुमार (36), लखन मरांडी (25) और राहुल कुमार (20) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी मोहनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रफुल कुमार के खिलाफ मोहनपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि लखन मरांडी के खिलाफ सितंबर 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। अन्य आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना समेत अलग-अलग थानों में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद (CCR), देवघर, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्ण सहित पुलिस बल शामिल था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

