रांची:– फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की 62वीं वार्षिक आमसभा शनिवार को चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। आमसभा में 156 सदस्यों के साथ विभिन्न जिलों के चैंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े पदाधिकारी, व्यवसायी, उद्यमी और प्रोफेशनल्स शामिल हुए। साहेबगंज, गोड्डा, जामताड़ा, मधुपुर, रामगढ़, पाकुड़, बोकारो, गुमला और महगामा समेत कई क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया।
आमसभा के दौरान महासचिव रोहित अग्रवाल ने फेडरेशन की वार्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। वहीं, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की बैलेंस शीट और आय-व्यय का ब्योरा सभा के समक्ष रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया। आमसभा ने मेसर्स जेएन अग्रवाल एंड कंपनी को एक और वर्ष के लिए चैंबर का ऑडिटर नियुक्त किया।
दावोस में पहली बार झारखंड की औद्योगिक क्षमता का प्रदर्शन
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2026 फेडरेशन के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धियों वाला वर्ष रहा। पहली बार फेडरेशन को झारखंड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में शामिल होने का अवसर मिला। यहां झारखंड की औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने कहा कि फेडरेशन के लगातार प्रयासों से अनधिकृत भवनों के नियमितीकरण, पंडरा कृषि मंडी को मतगणना से मुक्त रखने, कृषि मंडियों और औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, बैंकिंग सुविधाओं तथा व्यापारिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर महत्वपूर्ण पहल हुई है।
निवेश और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए 114 देशों के दूतावासों से संपर्क, विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ एमओयू तथा सिंगापुर और जापान के बिजनेस डेलीगेशन से जुड़े अवसरों पर भी फेडरेशन ने काम किया। राज्य में आईटी पार्क और निफ्ट की स्थापना की दिशा में भी फेडरेशन के प्रयासों को सकारात्मक परिणाम मिलने की बात कही गई।
झारखंड को निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य
आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि फेडरेशन का लक्ष्य झारखंड को निवेश, उद्योग, रोजगार और नई तकनीक के क्षेत्र में देश का प्रमुख गंतव्य बनाना है। उन्होंने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान व्यापार एवं उद्योग जगत, राज्य सरकार, जिला प्रशासन और मीडिया से मिले सहयोग के लिए आभार जताया।
उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता सुदर्शन कुमार मल्होत्रा को याद करते हुए अपनी माता, भाई, पत्नी और परिवार के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फेडरेशन का हित उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है और आगे भी रहेगा।
आमसभा में मौजूद सदस्यों ने खड़े होकर ध्वनिमत से आदित्य मल्होत्रा के अध्यक्षीय कार्यकाल की सराहना की और फेडरेशन द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की।
रविवार को होगा चैंबर चुनाव
चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने सदस्यों को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को मारवाड़ी भवन, हरमू रोड में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
इस दौरान तीन प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चयन की घोषणा भी की गई। इनमें अमरजीत सिंह सलूजा (कोयलांचल), विजय आनंद मूंका (कोल्हान) और विनय कुमार अग्रवाल (नॉर्थ छोटानागपुर) शामिल हैं।
रविवार को 21 कार्यकारिणी सदस्यों के साथ पलामू, साउथ छोटानागपुर और संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव होगा।
चुनाव समिति के को-चेयरमैन पवन शर्मा ने सभी सदस्यों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अधिक से अधिक सदस्यों से पैदल, साइकिल या पब्लिक ट्रांसपोर्ट से मतदान स्थल तक पहुंचने का आग्रह किया गया।


