निरसा: ईसीएल मुगमा एरिया की राजपुरा ओपन कास्ट परियोजना (OCP) में कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद के बाद सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे मोटरसाइकिल से परियोजना से बाहर निकल रहे सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी पर एक महिला और पुरुष ने कथित तौर पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने डंडे और मुक्कों से उनकी पिटाई की, जिससे उनके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं।
बताया जाता है कि कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने सुरक्षा कर्मी पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद परियोजना में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों और मजदूरों में आक्रोश फैल गया।
घटना के विरोध में बीसीकेयू के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि राजपुरा परियोजना में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी कोयला तस्करों द्वारा मजदूरों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है।
खोखन रविदास के मुताबिक, घटना के विरोध में सुबह से ही परियोजना का उत्पादन ठप करा दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक राजपुरा प्रबंधन और गल्फरबाड़ी ओपी पुलिस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर पूरी परियोजना बंद कराने की भी चेतावनी दी गई है।
वहीं, मामले को लेकर राजपुरा प्रबंधन से शिकायत की गई है। प्रबंधन ने गल्फरबाड़ी ओपी में शिकायत दर्ज कराने और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
इस संबंध में कोलियरी प्रबंधक संजीव चंद्रा ने बताया कि परियोजना के सुरक्षा कर्मी के साथ दो लोगों ने मारपीट की है। आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर निरसा की राजा कोलियरी में सीआईएसएफ की टीम पर पथराव और मोटरसाइकिल छीनने की घटना सामने आई थी। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि राजपुरा परियोजना में सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट की दूसरी घटना हो गई। लगातार हो रही घटनाओं ने ईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट के विरोध में राजपुरा परियोजना में उत्पादन ठप है। अब सभी की नजरें प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं
