HomeJharkhandबोकारो में HIV को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जागरूकता रैली निकालकर लोगों...

बोकारो में HIV को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया गया जागरूक

बोकारो। जिले में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को सदर अस्पताल बोकारो की ओर से सिविल सर्जन कार्यालय के समीप से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को एचआईवी संक्रमण, इसके बचाव और इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया गया।

जागरूकता रैली को सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद और एचआईवी की नोडल पदाधिकारी डॉ. फ्लोरेंसा होरो ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची सहियाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के जरिए आम लोगों को एचआईवी से बचाव के उपायों और समय पर जांच कराने के महत्व की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बोकारो जिले में एचआईवी से पीड़ित लोगों की संख्या करीब एक हजार तक पहुंचने की जानकारी सामने आने के बाद विभाग ने जागरूकता गतिविधियों को तेज कर दिया है। इससे पहले जिले के सभी प्रखंडों में जागरूकता अभियान चलाया गया। अब रैली के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक बचाव से जुड़ा संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार से जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में भी विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत छात्र-छात्राओं को एचआईवी संक्रमण कैसे फैलता है, इससे बचाव कैसे किया जा सकता है और संक्रमण को लेकर समाज में फैली गलत धारणाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य एचआईवी को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना और संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव को दूर करना है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे एचआईवी से जुड़ी सही जानकारी अपनाएं और किसी भी तरह की भ्रांति पर विश्वास न करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments