रांची: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत आज झारखंड पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर राज्य में तैयारियां की गई हैं। इस दौरान वह करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना को राज्य में डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस दौरान सीजेआई का झारखंड दौरा सिर्फ डेटा सेंटर के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहेगा। उनके कार्यक्रम में देवघर में राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर में शामिल होना भी शामिल है।
देवघर में 10 हजार से अधिक लाभुकों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
सीजेआई सूर्यकांत सबसे पहले देवघर पहुंचेंगे। यहां देवघर सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शिविर में अपराध पीड़ितों को मुआवजे के चेक दिए जाएंगे। वहीं, प्रोजेक्ट शिशु के लाभुकों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 10 हजार से अधिक लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सीजेआई डिजिटल माध्यम से पलामू और रांची में विधिक सहायता क्लीनिकों का भी उद्घाटन करेंगे। इससे जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
हाईकोर्ट को मिलेंगी छह नई डिजिटल सुविधाएं
रांची के धुर्वा स्थित झारखंड हाईकोर्ट परिसर में डेटा सेंटर के उद्घाटन के साथ छह नई डिजिटल सुविधाओं की शुरुआत भी होगी। इनमें प्रमुख रूप से:
- झारखंड हाईकोर्ट की नई आधिकारिक वेबसाइट।
- हाईकोर्ट और जिला अदालतों के लिए iOS मोबाइल ऐप।
- ऑनलाइन सर्टिफाइड कॉपी आवेदन की सुविधा।
- अधिवक्ताओं के लिए पर्सनलाइज्ड कॉज लिस्ट।
- न्यायिक अधिकारियों के लिए ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट सॉफ्टवेयर।
- सुप्रीम टुडे AI सॉफ्टवेयर की सुविधा।
इन डिजिटल पहलों से न्यायिक प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही अदालतों के रिकॉर्ड की सुरक्षा और न्यायिक सूचनाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।

