चतरा। झारखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत पत्थलगड्डा थाना पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान करीब एक किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से आईटेल कंपनी का एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
इस संबंध में एसडीपीओ सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रांची से अवैध मादक पदार्थ खरीदकर पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के रास्ते गिद्धौर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के नावाडीह स्थित मेलवाड़ा मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब एक किलोग्राम अवैध अफीम और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़, ऊपर टोला निवासी करीब 40 वर्षीय संजय ठाकुर उर्फ संतोष कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जब्त अफीम की बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
इस मामले में पत्थलगड्डा थाना कांड संख्या 63/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि चतरा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन क्लीन चतरा चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

