रांची। धनबाद में ओबी डंप और जमीन से जुड़े मामलों को लेकर झारखंड विधानसभा की विशेष समिति (प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण) की बैठक गुरुवार को समिति कक्ष संख्या-05 में हुई। बैठक में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ विभागों के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, धनबाद ने थाना कांड संख्या 79/23 से संबंधित जांच की जानकारी समिति को दी। उन्होंने बताया कि अंचल अधिकारी, बलियापुर की प्राथमिकी एवं अनुसंधान के आधार पर M/S देवप्रभा कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. के मालिक/निर्देशक कुंभनाथ सिंह के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने की जानकारी सामने आई है।
समिति ने सिजुआ मेलाटांड में टाटा द्वारा इस्तेमाल की जा रही सरकारी जमीन और रैयतों की अधिग्रहित जमीन के एवज में सरकार को किए गए राजस्व भुगतान का विस्तृत प्रतिवेदन मांगा।
वहीं, BCCL को जमीन की सैटेलाइट मापी के लिए ISM धनबाद से जल्द समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। समिति ने CNT एक्ट समेत जमीन से जुड़े अन्य मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए कैंप लगाकर कार्रवाई करने और रैयतों को भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
दामोदर नदी में हुए अतिक्रमण के मामले में BCCL ने छह महीने के भीतर अतिक्रमण हटाने पर सहमति जताई। समिति ने तय समयसीमा के अंदर नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया।
बैठक में समिति के संयोजक मथुरा प्रसाद महतो सहित सदस्य राज सिन्हा, अरूप चटर्जी, चन्द्रदेव महतो और सुदीप गुड़िया मौजूद रहे। इसके अलावा राजस्व, खान एवं भूतत्व, वन पर्यावरण, जिला प्रशासन, पुलिस, DFO तथा BCCL, ECL, टाटा और अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

