पलामू:– पलामू में सोमवार को अपराधियों ने पहले हथियार के बल पर बाइक लूट की वारदात को अंजाम दिया और कुछ ही घंटे बाद उसी बाइक से लूट की दूसरी घटना को अंजाम देने पहुंच गए। हालांकि, प्रज्ञा केंद्र लूटने की कोशिश के दौरान ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार अहले सुबह करीब 5 बजे सतबरवा थाना क्षेत्र के एनएच-39 पर पोलपोल और पोखराहा के बीच अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर एक व्यक्ति से पल्सर बाइक लूट ली। भुक्तभोगी की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोदरमा कला निवासी विष्णु प्रजापति के रूप में हुई है। विष्णु प्रजापति लातेहार जिले के मनिका से अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें रोककर हथियार के बल पर उनकी पल्सर बाइक (जेएच-03AQ-3836) लूट ली और फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने सतबरवा थाना पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बाइक लूट की सूचना मिली है। पुलिस मामले का सत्यापन करते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
इधर, बाइक लूटने के कुछ घंटे बाद दोनों आरोपी उसी बाइक का इस्तेमाल कर लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज में ग्रामीण बैंक ग्राहक सेवा केंद्र/प्रज्ञा केंद्र को लूटने पहुंचे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, बैग, खोखा और लूटी गई पल्सर बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक लूट और प्रज्ञा केंद्र लूट की कोशिश में इनके अलावा और कितने लोग शामिल थे और क्या इनका इलाके में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं से भी कोई संबंध है।
एक ही दिन में बाइक लूट के बाद उसी बाइक से प्रज्ञा केंद्र लूटने की कोशिश और फिर ग्रामीणों द्वारा आरोपियों को पकड़ लिए जाने की घटना से इलाके में चर्चा तेज है।


