रांची: संविधान दिवस के अवसर पर आज राजधानी रांची में कांग्रेस पार्टी की ओर से संविधान रक्षा मार्च निकाला जा रहा है। डोरंडा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक से शुरू होने वाला यह मार्च विवेकानंद चौक और हिनू चौक होते हुए बिरसा चौक पर समाप्त होगा।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में प्रदेश प्रभारी के. राजू, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कांग्रेस की ओर से यह मार्च संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की रक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विरोध में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत भी पार्टी अपनी आवाज बुलंद करेगी।
वहीं, दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज ‘संविधान गौरव दिवस’ मनाया जा रहा है। इस मौके पर संविधान और उसके मूल्यों को लेकर दोनों राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों के बीच राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
