जमशेदपुर: पोटका के ग्वालकाटा सबरनगर में रहने वाले आदिम जनजाति सबर समुदाय के परिवार पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। इन परिवारों के पास खेती के लिए जमीन तो है, लेकिन सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वे बड़े पैमाने पर सब्जियों की खेती नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में अब सबर परिवारों ने जिला प्रशासन से पांच डीप बोरिंग लगाने की मांग की है, ताकि खेती के जरिए उनकी आजीविका को बेहतर बनाया जा सके।
ग्वालकाटा सबरनगर में रहने वाले परिवारों की आजीविका मुख्य रूप से खेती पर निर्भर है। लेकिन पानी की कमी के कारण यहां कई एकड़ जमीन बंजर पड़ी हुई है। पर्याप्त सिंचाई की सुविधा नहीं होने से परिवार अपनी जरूरत के मुताबिक सब्जियों का उत्पादन भी नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, बाजार में सब्जियां बेचकर अतिरिक्त आमदनी का अवसर भी उनके हाथ से निकल रहा है।
सबर परिवारों की देखरेख कर रहे भारत सेवा संघ के रोबिन महाराज ने बताया कि फिलहाल करीब 10 एकड़ जमीन पर खेती के माध्यम से 50 परिवारों को काम मिल रहा है। जबकि सबरनगर में कुल 120 परिवार रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की ओर से पांच डीप बोरिंग की व्यवस्था कर दी जाए तो बाकी जमीन पर भी खेती शुरू हो सकती है। इससे अतिरिक्त 70 परिवारों को नियमित रोजगार मिल सकेगा।
रोबिन महाराज के अनुसार, पानी की समुचित व्यवस्था होने से सबर समुदाय के परिवार अपनी मेहनत से आजीविका चला सकेंगे और आत्मनिर्भर बन पाएंगे। उन्होंने स्थानीय विधायक, सांसद और जिला प्रशासन से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने और जल्द डीप बोरिंग की व्यवस्था कराने की अपील की है।
