HomeJharkhandचतरा में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, कुख्यात शूटर...

चतरा में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, कुख्यात शूटर आनंद कुमार को लगी गोली

आम्रपाली AVS और चौपारण गोलीकांड का मुख्य आरोपी घायल, मौके से लोडेड हथियार और कारतूस बरामद

चतरा। झारखंड के चतरा जिले में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार अहले सुबह टंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस और गैंग के अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का कुख्यात शूटर आनंद कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल आनंद कुमार चतरा सदर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ बुधवार सुबह करीब 3 से 4:30 बजे के बीच आम्रपाली परियोजना क्षेत्र के होन्हे गांव से गोड़वाइर जाने वाले रास्ते में स्थित जंगल में हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ अपराधी इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया। इसी दौरान अपराधियों का सामना पुलिस टीम से हो गया और दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंग का शूटर आनंद कुमार गोली लगने से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आनंद कुमार आम्रपाली AVS कंपनी के कार्यालय में हुई गोलीबारी और हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित होटल एके इंटरनेशनल के बाहर हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपी है। इन दोनों घटनाओं में उसकी संलिप्तता सामने आई है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक लोडेड हथियार, तीन जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद किए हैं। घायल अपराधी को तत्काल चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments