गढ़वा:- झारखंड के गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव के धंगरडीहा टोला में एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से हड़कंप मच गया है। दोनों सगे भाइयों की तबीयत पिछले दो दिनों से खराब थी और उन्हें तेज बुखार था। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान बुद्धिनारायण सिंह चेरो के सात वर्षीय पुत्र गोलू कुमार और 10 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, परिवार के दो अन्य सदस्य बुद्धिनारायण सिंह चेरो और उनके 12 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार भी बीमार बताए जा रहे हैं।
आर्थिक तंगी के कारण समय पर नहीं मिला इलाज
परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चों को पिछले दो दिनों से तेज बुखार था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण समय पर समुचित इलाज नहीं कराया जा सका। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, केतार ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों बच्चों की मौत हो गई।
गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार को स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम धंगरडीहा टोला पहुंची। टीम ने गांव में घर-घर जाकर बीमार लोगों की जांच और इलाज शुरू किया है। एक ही परिवार में दो बच्चों की मौत और अन्य सदस्यों के बीमार होने के बाद ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है।
पुलिस ने ली घटना की जानकारी
सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा बीमार बुद्धिनारायण सिंह और उनके पुत्र सुशील कुमार को तत्काल इलाज कराने की सलाह दी।
फिलहाल दोनों बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही बीमारी और मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद गांव में मातम के साथ-साथ बीमारी को लेकर दहशत का माहौल है।


