देवघर संवाददाता: देवघर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को पार्टी की प्रमंडलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने की। इसमें संगठन महामंत्री पवन साहू, प्रमंडल के सभी जिला अध्यक्षों और पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी गतिविधियों की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन विस्तार में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ कमेटी में सदस्यों की संख्या 10 से बढ़ाकर 25 करने और शक्ति केंद्र में सदस्यों की संख्या 3 से बढ़ाकर 5 करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाना जरूरी है।
राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नौकरी बेचने के आरोपों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे युवाओं में नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा हजारीबाग में छात्रों की महापंचायत आयोजित कर रही है।
आदित्य साहू ने भूषण बाड़ा मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में राज्य सरकार बचाव की मुद्रा में है। उन्होंने कहा कि किसी आम नागरिक पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने पर तत्काल गिरफ्तारी की जाती है, जबकि इस मामले में अलग रवैया अपनाया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन को तेज करने और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व मंत्री रणधीर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
