रांची:– बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान मेसरा (BIT Mesra) की फॉर्मूला स्टूडेंट टीम ‘टीम सृजन’ राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता Supra SAE India 2026 में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह तैयार है। देशभर के इंजीनियरिंग छात्र इस प्रतियोगिता में फॉर्मूला-स्टाइल रेसिंग कारों को डिजाइन करने, उनका निर्माण करने और ट्रैक पर रेसिंग का प्रदर्शन करते हैं।
झारखंड की पहली और सबसे पुरानी फॉर्मूला स्टूडेंट टीम होने का गौरव रखने वाली ‘टीम सृजन’ ने प्रतियोगिता के लिए ‘फीनिक्स’ नाम की नई रेसिंग कार तैयार की है। इस कार को तैयार करने में टीम ने करीब एक साल तक कड़ी मेहनत की है।
‘फीनिक्स’ को तैयार करने में TVS, Objectify, BIT Mesra, Kundan Lal & Sons, PVUN और SN Curve Industries जैसे प्रायोजकों का सहयोग मिला है। अब यह कार 2 सितंबर 2026 से नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर आयोजित होने वाले Supra SAE India 2026 में अपनी रफ्तार और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करेगी।
इस मौके पर संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. राजेश जैन, डीन (छात्र मामले) डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव और एसोसिएट डीन डॉ. डी.के. उपाध्याय ने टीम के कैप्टन प्रांशु और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
टीम सृजन की यह भागीदारी झारखंड की इंजीनियरिंग प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।


