कोडरमा:– झारखंड के कोडरमा जिले में सोमवार को उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब स्कूल में मिड-डे मील खा रहे 37 बच्चों के सामने अचानक 16 साल पुराना स्कूल भवन भरभराकर गिर पड़ा। भवन गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी बच्चे के हताहत होने की खबर नहीं है।
बताया जा रहा है कि बच्चे स्कूल में मिड-डे मील खा रहे थे। इसी दौरान पुराने स्कूल भवन का एक हिस्सा अचानक ढह गया। भवन गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और स्कूल कर्मी तुरंत बच्चों की ओर दौड़े और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के बाद स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। 37 बच्चे बाल-बाल बच गए, जिससे अभिभावकों ने राहत की सांस ली। घटना ने स्कूल भवनों की सुरक्षा और जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि पुराने और जर्जर स्कूल भवनों की समय रहते जांच और मरम्मत की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
सवाल यह है कि अगर भवन बच्चों के सामने गिरने के बजाय उनके ऊपर गिरता, तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती थी। इस घटना के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।


