HomeHealthJharkhand Influenza Alert: H1N1 और H3N2 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों...

Jharkhand Influenza Alert: H1N1 और H3N2 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में बनेंगे आइसोलेशन वार्ड

रांची:– देश के कई राज्यों में सीजनल इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। दिल्ली, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और राजस्थान में इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 के मामलों को देखते हुए राज्य के सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलेंस अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने अधिकारियों को अलर्ट रहने और ILI (इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी) तथा SARI (गंभीर श्वसन संक्रमण) के मामलों की नियमित निगरानी करने को कहा है। IDSP के तहत इन मामलों की दैनिक रिपोर्टिंग IHIP पोर्टल पर भी सुनिश्चित की जा रही है।

फिलहाल झारखंड में इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। H1N1 और H3N2 की जांच की सुविधा रिम्स, रांची और एमजीएम, जमशेदपुर में उपलब्ध कराई गई है।

हर जिला अस्पताल में कम से कम 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड

संभावित मरीजों के इलाज के लिए सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में कम से कम 10 बेड वाले पृथक आइसोलेशन वार्ड चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में PPE किट, N95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क, VTM किट, जरूरी दवाएं, ऑक्सीजन उपकरण और वेंटिलेटर पर्याप्त मात्रा में रखने को कहा गया है।

अस्पतालों की OPD में आने वाले सर्दी, खांसी, बुखार और गंभीर श्वसन संक्रमण के मरीजों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी मास्क पहनने के निर्देश दिए गए हैं।

इन लोगों को विशेष सावधानी की सलाह

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुजुर्ग, 5 वर्ष तक के बच्चे, गर्भवती महिलाएं और गंभीर पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोग इन्फ्लूएंजा संक्रमण के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। ऐसे लोगों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी गई है।

संक्रमण से बचने के लिए क्या करें?

  • भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें।
  • छींकते या खांसते समय मुंह-नाक ढकें।
  • पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लें।
  • गंदे हाथों से आंख, नाक और मुंह न छुएं।
  • सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें।
  • अभिवादन के लिए हाथ मिलाने से बचें।
  • डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक न लें।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि लक्षण दिखाई देने पर घबराएं नहीं और नजदीकी सदर अस्पताल या सरकारी स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करें। स्वास्थ्य संबंधी सलाह और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी के लिए 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments