चतरा: झारखंड के चतरा जिले में अपराध की योजना बना रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 एमएम का एक देशी सिक्सर, तीन जिंदा कारतूस और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई कुंदा और लावालौंग थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर कुंदा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद सिमरिया एसडीपीओ शुभम नागरगोजे के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने रंथा मोड़ के समीप तीन मुहाना के पास घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलदेव गंझू उर्फ छोटू गंझू और सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बलदेव गंझू के पास से देशी सिक्सर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि सुरेंद्र कुमार के पास से दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने मौके से उनकी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस मामले में कुंदा थाना में कांड संख्या 68/26 दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को लेकर सिमरिया एसडीपीओ शुभम नागरगोजे भाऊ साहेब ने जानकारी दी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
