सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, आरोपित सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला बीते गुरुवार को पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने और न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंची थी। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही नीरज लकड़ा उसे बहला-फुसलाकर या जबरन थाने के एक कमरे में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
थाने के अंदर घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप
थाना परिसर के अंदर महिला के साथ कथित दुष्कर्म की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार करने और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित
मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एसपी के निर्देश पर सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया है। जांच टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि थाना परिसर में हुई कथित घटना के दौरान अन्य पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका रही और लापरवाही कहां हुई।
फिलहाल आरोपी सिपाही गिरफ्तार है और मामले में आगे की जांच जारी है।

