कोडरमा: कोडरमा-मधुपुर रेलखंड के कोडरमा बाजार स्थित जयनगर रोड के पास रेलवे ब्रिज पर बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान 35 वर्षीय मुन्ना यादव, पिता राजेंद्र यादव, निवासी मेसकोर, जिला नवादा (बिहार) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह स्थानीय लोग ब्रिज की ओर टहलने गए थे। इसी दौरान उन्होंने रेलवे लाइन पर शव पड़ा देखा। स्थानीय लोगों ने शव को रेलवे लाइन से किनारे किया और इसकी सूचना आरपीएफ कोडरमा को दी। आरपीएफ ने कोडरमा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुन्ना यादव कोडरमा में किराए के मकान में रहता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद उसने ट्रेन के सामने छलांग लगाई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

