HomeJharkhandगोविंदपुर के केके कॉलेज कैंपस में नॉन-टीचिंग स्टाफ का शव फंदे से...

गोविंदपुर के केके कॉलेज कैंपस में नॉन-टीचिंग स्टाफ का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने लगाया काम के दबाव का आरोप

गोविंदपुर: धनबाद जिले के गोविंदपुर स्थित केके कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट के बीएड कैंपस में मंगलवार शाम एक नॉन-टीचिंग स्टाफ का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अनूप कुमार सेन के रूप में हुई है, जो संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि अनूप का शव कैंपस के प्रिंसिपल रूम में पंखे से लटका मिला था।

मामले में मृतक के भाई सुभाष सेन ने संस्थान प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अनूप पर काम का अत्यधिक दबाव था और उसके काम का कोई निश्चित समय नहीं था। उनके मुताबिक, उसे रविवार या सोमवार का भी ध्यान किए बिना कभी भी काम के लिए बुलाया जाता था, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में था।

सुभाष सेन ने प्रबंधन पर अनूप के मानसिक शोषण का आरोप लगाते हुए उसकी मौत की परिस्थितियों की जांच की मांग की है। वहीं, घटना के बाद 10 लाख रुपये मुआवजे और मृतक की पत्नी को नौकरी देने पर सहमति बनने की बात सामने आई है।

इस मामले में एक और सवाल कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। परिजनों के अनुसार, इतने बड़े संस्थान के बीएड कैंपस में CCTV कैमरे नहीं लगे हैं। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मौत की वास्तविक वजह क्या थी और क्या काम के दबाव से जुड़े आरोपों का घटना से कोई संबंध है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments