बोकारो: चास थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर दो वृद्ध महिलाओं से जेवरात ठगने का मामला सामने आया है। घटना गरगा पुल के समीप काली मंदिर के सामने की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, ऊषा लोधा अपनी जेठानी सुंदर देवी लोधा के साथ टोटो से सेक्टर-4 से चास जा रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए टोटो रुकवाया। एक युवक टोटो चालक से लाइसेंस और कागजात की जांच करने लगा, जबकि दूसरे ने महिलाओं को बताया कि आगे हत्या की घटना हुई है और पुलिस जांच चल रही है।
आरोपी ने महिलाओं को सुरक्षा का हवाला देते हुए अपने जेवर उतारकर बैग में रखने की सलाह दी। महिलाएं जेवर उतारकर रुमाल में बांधने लगीं। इसी दौरान आरोपी ने रुमाल बांधने में मदद करने के बहाने हाथ की सफाई दिखाते हुए जेवरात गायब कर दिए।
कुछ देर बाद महिलाओं को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने चास थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
चास एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

