रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के बीच निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 10 अक्टूबर 2026 को मेगा हेल्प डेस्क कैंप लगाया जाएगा। इस कैंप के जरिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार कराने और दस्तावेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान में लोगों की मदद की जाएगी।
इस अभियान का खास उद्देश्य ऐसे पात्र मतदाताओं की मदद करना है, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है या जिनके आवेदन दस्तावेजों की कमी अथवा अन्य कारणों से लंबित हैं। कैंप में संबंधित अधिकारी और बूथ स्तर के कर्मचारी मतदाताओं को जरूरी प्रक्रिया की जानकारी देंगे।
झारखंड में SIR के तहत दावा-आपत्ति और आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब अधिकारियों के सामने प्राप्त आवेदनों की जांच और उनके निस्तारण की चुनौती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 12 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनका निस्तारण कर अंतिम मतदाता सूची तैयार की जा रही है।
निर्वाचन विभाग के कार्यक्रम के अनुसार, प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 अक्टूबर तक पूरी की जानी है, जबकि संशोधित अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होने की जानकारी दी गई है।
निर्वाचन विभाग ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र से संबंधित जानकारी और जरूरी दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचकर अपने मतदाता रिकॉर्ड की जांच करा सकते हैं।

