जमशेदपुर: तलसा गांव में खेल के माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मेराकी संस्था और साकची महिला थाना की संयुक्त पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में गांव की महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में ग्रामीणों को नशे की लत से होने वाले दुष्परिणामों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन 112 के बारे में भी विस्तार से बताया गया। ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर के जरिए तत्काल सहायता ली जा सकती है।
इस मौके पर साकची महिला थाना प्रभारी रूपा पाल, गांव के मुखिया कान्हू मुर्मू समेत कई बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
समाजसेविका एवं मेराकी संस्था की सचिव रीता पात्रों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से विभिन्न क्षेत्रों में नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सुधार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को जागरूक कर समाज को स्वस्थ और नशामुक्त बनाना है।
वहीं, साकची महिला थाना प्रभारी रूपा पाल ने कहा कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने के लिए नशे से दूरी बनाना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों को आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

