HomeJharkhandचास अंचल कार्यालय में जमीन विवाद को लेकर हंगामा, युवकों ने लगाए...

चास अंचल कार्यालय में जमीन विवाद को लेकर हंगामा, युवकों ने लगाए पैसे मांगने के आरोप; अधिकारी ने दी शिकायत

बोकारो: चास अंचल कार्यालय में जमीन विवाद से जुड़े मामले की जानकारी लेने पहुंचे बीजूलिया गांव के कुछ युवकों और अंचल अधिकारी के बीच सोमवार को नोकझोंक हो गई। विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। युवकों ने अंचल अधिकारी पर काम के बदले पैसे मांगने का आरोप लगाया है, जबकि अंचल अधिकारी ने युवकों पर जबरन कार्यालय में घुसने, डराने-धमकाने, धक्का-मुक्की करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि बीजूलिया गांव के कुछ युवकों ने जमीन विवाद को लेकर डीसी के जनता दरबार में आवेदन दिया था। शिकायत पत्र ई-मेल के माध्यम से चास अंचल अधिकारी के कार्यालय भेजा गया था। इसी मामले की जानकारी लेने युवक अंचल कार्यालय पहुंचे थे।

युवकों के मुताबिक, अंचल अधिकारी सेवाराम साहू ने व्यस्त होने की बात कहते हुए मामले पर बाद में कार्रवाई करने की बात कही। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। युवकों का आरोप है कि उन्हें कार्यालय से बाहर निकालने के दौरान विवाद बढ़ा और उनके साथ मारपीट की गई। साथ ही उन्होंने काम के बदले पैसे मांगने का आरोप भी लगाया है।

वहीं, चास अंचल अधिकारी सेवाराम साहू की ओर से थाने में आवेदन देकर अलग आरोप लगाए गए हैं। आवेदन के अनुसार, कुछ लोग जबरन उनके कार्यालय कक्ष में घुस गए और उन्हें डराने-धमकाने लगे। रोकने के दौरान धक्का-मुक्की किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

अंचल अधिकारी ने कार्यालय में तैनात गृह रक्षक जवानों के साथ बकझक करने और कार्यालय कक्ष का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR सहित अन्य सरकारी कार्यों में बाधा डालने की कोशिश की गई।

अंचल अधिकारी ने संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments