सरायकेला-खरसावां/चांडिल: आगामी शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर चांडिल अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय स्थित सभागार में एसडीओ नितिन कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधि, पूजा समितियों के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में कुल 39 लाइसेंसी और 69 गैर लाइसेंसी दुर्गा पूजा पंडाल हैं। वहीं, 10 स्थानों पर रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को जिला प्रशासन, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के निर्देशों का पालन करने को कहा।
एसडीओ ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया है। इसके अलावा आग से सुरक्षा के लिए अग्निशमन यंत्र और बालू से भरी बाल्टियां रखने तथा पंडाल के पीछे पर्याप्त रोशनी और लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर तैनात रखने को कहा गया। वहीं पुलिस को जुआ, मुर्गा लड़ाई और अन्य किसी भी तरह की सट्टेबाजी पर रोक लगाने तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान चांडिल बाजार क्षेत्र की पूजा समितियों ने श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की। इसके साथ ही नालियों की सफाई और तांती बांध से अर्जुन ताल तक स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी गई।
एसडीओ नितिन कुमार ने चांडिल बाजार, डैम रोड समेत पूरे अनुमंडल क्षेत्र में बिजली के झूलते तारों और बिजली से जुड़ी अन्य समस्याओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और पूजा समितियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील की, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पूरे क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनी रहे।

