जमशेदपुर। मानगो स्वर्णरेखा नदी में जिउतिया पर्व के दौरान डूबी बच्ची पूनम कुमारी का शव शनिवार सुबह गोताखोरों की मदद से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और विधायक सरयू राय भी पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
जानकारी के अनुसार, जिउतिया पर्व के अवसर पर पूनम कुमारी अपनी मां और बहन ज्योति कुमारी के साथ मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी में स्नान करने गई थी। स्नान के दौरान दोनों बहनें अचानक नदी के गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों की मदद से ज्योति कुमारी को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पूनम कुमारी तेज बहाव में बहकर लापता हो गई।
घटना के बाद से ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम पूनम की तलाश में जुटी थी। देर रात तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद शनिवार सुबह एक बार फिर गोताखोरों ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पूनम का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और विधायक सरयू राय भी घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है।

