बोकारो: बोकारो जिले के जारंगडीह कोलियरी क्षेत्र में कोयला चोरी के खिलाफ संयुक्त सुरक्षा गश्ती दल ने औचक छापेमारी अभियान चलाया। VTC रोड क्रॉसिंग के समीप की गई कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से जमा किया गया करीब 5 टन कोयला बरामद किया गया।
बताया गया कि संयुक्त गश्ती दल को देखते ही मौके पर मौजूद लोग वहां से फरार हो गए। बाद में जब्त कोयले को जारंगडीह कोलियरी के स्टॉक में जमा करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक एकेबी सिंह के निर्देश पर सीसीएल जारंगडीह के सुरक्षा पदाधिकारी सुरेश राम के नेतृत्व में सुरक्षा गश्ती दल ने यह कार्रवाई की। टीम ने जारंगडीह परियोजना के VTC रोड क्रॉसिंग के आसपास कोयला चोरी के खिलाफ अभियान चलाया।
बताया जा रहा है कि कोयला चोरी रोकने के लिए क्षेत्र में लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके बावजूद कोयला चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रबंधन और सुरक्षा टीम द्वारा आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही जा रही है।

