चंदनकियारी:– बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सहारजोरी निवासी धनंजय शर्मा के बैंक खाते से साइबर ठगों ने एक सप्ताह के भीतर 20 बार में कुल 1,80,980 रुपये की निकासी कर ली। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित को खाते से पैसे निकाले जाने की जानकारी तब हुई, जब वह बैंक से रुपये निकालने पहुंचा। अपनी जमा पूंजी गायब देखकर पीड़ित परेशान हो गया। इसके बाद उसने चंदनकियारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित धनंजय शर्मा के अनुसार, उनका बैंक ऑफ इंडिया में बचत खाता है। वह आमतौर पर निकासी पर्ची के माध्यम से ही खाते से लेन-देन करते थे। साइबर अपराधियों ने 18 सितंबर से 23 सितंबर के बीच चार अलग-अलग दिनों में उनके खाते से रुपये निकाले। 18 सितंबर को एक, 20 सितंबर को एक, 22 सितंबर को दस और 23 सितंबर को आठ बार ट्रांजेक्शन किया गया। इस तरह कुल 20 लेन-देन के जरिए खाते से 1,80,980 रुपये निकाल लिए गए।
अज्ञात नंबर से आए थे फोन कॉल
धनंजय शर्मा ने बताया कि 22 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से सुबह और शाम को फोन आया था। कॉल संदिग्ध लगने के कारण उन्होंने उसे रिसीव नहीं किया और नंबर को ब्लॉक कर दिया। इस दौरान उनके मोबाइल पर बैंक ट्रांजेक्शन के मैसेज भी आ रहे थे, लेकिन उन्हें खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी नहीं हो सकी।
बुधवार को जब वह बैंक से रुपये निकालने पहुंचे और पासबुक अपडेट कराई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। खाते से जमा पूंजी गायब होने की जानकारी मिलते ही वह परेशान हो गए।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत, जांच शुरू
पीड़ित ने 1 अक्टूबर की शाम चंदनकियारी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक स्टेटमेंट, ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और संबंधित मोबाइल नंबरों के आधार पर साइबर ठगों का सुराग लगाने में जुटी है।

