नई दिल्ली/रांची: झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने 1 अक्टूबर को झारखंड भवन, नई दिल्ली में गृह मंत्रालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार चतुर्वेदी के साथ बैठक की। बैठक में झारखंड सरकार के अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिकृत सरकारी वाहनों के लिए प्रवेश पास एवं वाहन पास जारी करने, उनके नवीनीकरण तथा जरूरत के अनुसार पास की संख्या बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप पास जारी करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही दिल्ली में पदस्थापित झारखंड सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधाओं, कल्याण तथा कार्य संबंधी आवश्यकताओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने कहा कि अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिकृत सरकारी वाहनों के लिए पास जारी करने एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सरकारी कार्यों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में झारखंड भवन और नई दिल्ली में विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सरकार के कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा दिल्ली में रहने वाले झारखंडवासियों की आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बढ़ाने पर विचार किया गया।
केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों तथा झारखंड सरकार के बीच अंतर-मंत्रालयी समन्वय को बेहतर बनाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई, ताकि राज्य से जुड़े आधिकारिक कार्यों का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

