सरायकेला:– झारखंड के सरायकेला में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने ठेकेदार और कारोबारी संजय कुमार डालमिया के आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक से जुड़े कथित 35 करोड़ रुपये के लोन फर्जीवाड़े की जांच के सिलसिले में की गई।
जानकारी के अनुसार, रांची से पहुंची ED की टीम ने सरायकेला के पटनायक टोला स्थित संजय कुमार डालमिया के आवास पर सुबह दबिश दी। टीम ने घर में मौजूद दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
35 करोड़ के लोन मामले की जांच
बताया जा रहा है कि पूरा मामला झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक से कथित तौर पर अनियमित तरीके से दिए गए करीब 35 करोड़ रुपये के लोन और उसके भुगतान से जुड़ा है। जांच एजेंसी बैंकिंग लेन-देन, ऋण से संबंधित दस्तावेज, खातों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
आरोप है कि संजय डालमिया ने बैंक अधिकारियों के साथ कथित मिलीभगत कर अनियमित तरीके से लोन हासिल किया और बाद में उसका भुगतान नहीं किया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
ED की कार्रवाई के दौरान टीम ने घर में विभिन्न दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की। छापेमारी से जुड़े विस्तृत तथ्यों और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।


