HomeCrimeतेलंगाना में पलामू के मजदूर की संदिग्ध मौत, पेड़ से बांधकर पिटाई...

तेलंगाना में पलामू के मजदूर की संदिग्ध मौत, पेड़ से बांधकर पिटाई का आरोप; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पलामू:– जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के राजहरा कोलियरी इलाके से मजदूरी करने तेलंगाना गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सम्राज्य नोनिया के रूप में हुई है। परिजनों और साथियों ने आरोप लगाया है कि उसे चोर समझकर कुछ लोगों ने पेड़ से बांधकर मारपीट की, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सम्राज्य नोनिया बीते 5 सितंबर को गांव के करीब 10 युवकों के साथ मजदूरी करने तेलंगाना गया था। वह 8 सितंबर को तेलंगाना पहुंचा था। इसके बाद 12 सितंबर को साधनगर थाना क्षेत्र के फ्यूचर सिटी में अडानी कंपनी के सिविल कार्य में मजदूरी के लिए उसकी इंट्री हुई थी।

बताया जा रहा है कि 12 सितंबर की शाम सम्राज्य कुछ सामान खरीदने के लिए दुकान की ओर गया था। इसके बाद वह वापस अपने डेरे पर नहीं लौटा। साथियों ने आसपास उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद स्थानीय थाना में उसके लापता होने की सूचना दी गई।

मृतक के साथ तेलंगाना गए अमर कुमार चौहान ने आरोप लगाया कि सम्राज्य को गांव के कुछ लोगों ने चोर समझ लिया और उसे पेड़ से बांधकर मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हालांकि, सम्राज्य की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। साथियों के अनुसार, उन्हें उसकी मौत की जानकारी तीन-चार दिन बाद मिली। पुलिस की ओर से भी फिलहाल मौत के स्पष्ट कारण की पुष्टि नहीं की गई है। परिजनों को बताया गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक का भाई रंजीत हैदराबाद पहुंचा। परिजनों के मुताबिक, सम्राज्य का शव हैदराबाद के सदर अस्पताल में मिला। परिवार की सहमति के बाद शव का वहीं अंतिम संस्कार कर दिया गया।

सम्राज्य की मौत की खबर से उसकी पत्नी प्रतिमा देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अब परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सम्राज्य की मौत किन परिस्थितियों में हुई और मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments