रांची:– कांके थाना क्षेत्र में राजन तिर्की की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल 7.65 एमएम की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और तीन स्मार्टफोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2024 की रात कांके थाना क्षेत्र के चौड़ी बस्ती स्थित मसना के पास गोली चलने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क पर काफी मात्रा में खून के निशान मिले, लेकिन वहां कोई घायल व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने खून के निशानों की दिशा का पीछा किया तो पोटपोटो नदी के किनारे भी खून के निशान मिले।
इसके बाद पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरे और बल की मदद से नदी के बहाव की दिशा में लगातार खोज अभियान चलाया। 11 सितंबर 2026 को जयप्रकाश नगर के पास पोटपोटो नदी तट पर एक शव बरामद किया गया। शव की पहचान राजन तिर्की, पिता स्वर्गीय लघु उरांव, निवासी चामा (बुकरू), कांके के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के दाहिने कान के पास गहरा जख्म था, जो गोली लगने से होने की आशंका जताई गई। मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और पुलिस की सूचना तंत्र के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की गई, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
खाने-पीने की पार्टी में हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की मुख्य वजह खाने-पीने की पार्टी के दौरान हुआ आपसी विवाद था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने राजन तिर्की को गोली मार दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पोटपोटो नदी के तेज बहाव में बहा दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल के अलावा जिंदा गोली, गोली का खोखा, तीन स्मार्टफोन और बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं पर अभी जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और जानकारी सामने आ सकती है।


