रांची:- खाद्य सुरक्षा को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ा कदम उठाया है। FSSAI के निर्देश के बाद झारखंड में चिन्हित 115 खाद्य उत्पादों के स्टॉक की जांच और रिकॉल की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। राजधानी रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी दुकानों, वितरकों और अन्य खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर जांच तेज कर दी है।
जांच के दायरे में कई चर्चित ब्रांडों के खाद्य और पेय उत्पाद शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें पतंजलि दूध बिस्कुट, किंडर जॉय, सफोला टोटल हार्ट प्रो, रेड बुल, स्टिंग, मॉन्स्टर, गेटोरेड और अमूल शुगर-फ्री आइसक्रीम समेत अन्य उत्पाद शामिल हैं।
FSSAI की ओर से इन उत्पादों को लेकर भ्रामक दावों, मिस-लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़े संभावित उल्लंघनों पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इसके बाद कारोबारियों को चिन्हित स्टॉक की बिक्री रोकने और उपलब्ध स्टॉक को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें दुकानों और वितरकों के यहां पहुंचकर स्टॉक की जांच कर रही हैं। अधिकारियों की नजर इस बात पर भी है कि चिन्हित उत्पाद बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध तो नहीं हैं।
विभाग ने कारोबारियों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। खाद्य सुरक्षा कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में उपलब्ध खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और लेबलिंग की निगरानी करना तथा उपभोक्ताओं को मानकों के अनुरूप सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।



