रांची:– आगामी गणेश चतुर्थी, करम पर्व, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ एवं काली पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और विसर्जन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व-त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए जाएं, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पूजा समितियों को आयोजन से पहले सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पंडाल निर्माण में सुरक्षा नियम जरूरी
प्रशासन ने पूजा पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त रास्ता, आपातकालीन निकासी, सुरक्षित विद्युत वायरिंग और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था अनिवार्य करने का निर्देश दिया है। बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या अन्य विद्युत संरचनाओं से सटाकर पंडाल या तोरण द्वार नहीं बनाने को कहा गया है।
बिजली विभाग को पूजा समितियों के साथ समन्वय कर विद्युत सुरक्षा की जांच करने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पंडालों में नंगे या खुले तारों का इस्तेमाल नहीं करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही विद्युत कनेक्शन लेने को कहा गया है।
विसर्जन के दौरान यातायात और सुरक्षा पर नजर
विसर्जन के लिए पूजा समितियों को प्रशासन और संबंधित थाना के साथ समन्वय कर निर्धारित रूट का ही इस्तेमाल करना होगा। विसर्जन वाहनों की एमवीआई जांच, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और नो-एल्कोहोल टेस्ट कराने का निर्देश दिया गया है। पूजा समितियों से इस संबंध में आवश्यक अंडरटेकिंग भी ली जाएगी।
करम और छठ पर्व को लेकर विशेष तैयारी
करम पर्व को देखते हुए तालाबों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निगम को दिया गया है। जरूरत के अनुसार क्रेन की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वहीं छठ पर्व से पहले सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पहुंच मार्ग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक भीड़ वाले घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रखने को कहा गया है।
दीपावली में पटाखों और खाद्य पदार्थों पर निगरानी
दीपावली के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार पटाखों की बिक्री और उपयोग की निगरानी करने तथा प्रतिबंधित या असुरक्षित पटाखों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को नियमित जांच और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने साफ कहा कि असुरक्षित पंडाल निर्माण, विद्युत सुरक्षा में लापरवाही या विसर्जन के दौरान नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने पूजा समितियों से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की है। उद्देश्य है कि रांची में सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।


