रांची: रांची सिविल कोर्ट के रिकॉर्ड रूम से करीब 50 साल पुराना एक महत्वपूर्ण केस रिकॉर्ड रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। गायब रिकॉर्ड टाइटल सूट केस संख्या 14/1973 से जुड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
रांची सिविल कोर्ट के रजिस्ट्रार ने 10 सितंबर को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।
1977 में हुआ था केस का निष्पादन
रजिस्ट्रार के पत्र के अनुसार, टाइटल सूट केस संख्या 14/1973 का निष्पादन 13 जुलाई 1977 को द्वितीय अपर अधीनस्थ न्यायाधीश (सेकंड एडिशनल सब-जज) एच. नारायण की अदालत से हुआ था। इसके बाद संबंधित केस रिकॉर्ड को सिविल कोर्ट के रिकॉर्ड रूम में सुरक्षित रखा गया था।
करीब पांच दशक बाद जब इस पुराने केस रिकॉर्ड की जरूरत पड़ी और रिकॉर्ड रूम में इसकी तलाश की गई, तो दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिला। रिकॉर्ड के इस तरह गायब होने से कोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
रिकॉर्ड गायब होने की जांच शुरू
मामला सामने आने के बाद कोर्ट प्रशासन ने रिकॉर्ड की तलाश और इसकी स्थिति स्पष्ट करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतने पुराने और महत्वपूर्ण न्यायिक रिकॉर्ड को रिकॉर्ड रूम से कैसे हटाया गया और इसके पीछे किसकी भूमिका है।
मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद रिकॉर्ड रूम में उपलब्ध दस्तावेजों, संबंधित रजिस्टर और रिकॉर्ड के रखरखाव से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा सकती है।
करीब 50 साल पुराने न्यायिक रिकॉर्ड के गायब होने की घटना ने कोर्ट की रिकॉर्ड सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रिकॉर्ड किस परिस्थिति में गायब हुआ और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।


