गुमला:– भरनो थाना क्षेत्र के मारासिली पंचायत स्थित महूगांव टंगरा टोली में बुधवार अहले सुबह हाथी के हमले में एक 65 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान शनि उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, शनि उरांव सुबह शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना वहां पहले से मौजूद एक हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, भरनो प्रखंड के कई इलाकों में लगातार हाथियों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने, लोगों को सतर्क करने और आबादी वाले इलाकों में हाथियों के प्रवेश को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की भी मांग की गई है।

