रांची:– कांटाटोली स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड की बंदोबस्ती को लेकर रांची नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया में पहली बार करीब ₹7.50 करोड़ की अधिकतम बोली आने के बावजूद टेंडर रद्द कर दिया गया। वहीं दोबारा टेंडर में बंदोबस्ती महज ₹3.20 करोड़ में फाइनल किए जाने का मामला सामने आया है।
मामले को लेकर रांची की मेयर रोशनी खलखो ने आपत्ति जताते हुए नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने पूछा है कि पहली ऑनलाइन बिडिंग में इतनी बड़ी बोली आने के बाद उसे किसके आदेश पर और किस तकनीकी या कानूनी आधार पर रद्द किया गया।
मेयर ने यह भी सवाल उठाया है कि दोबारा टेंडर में कम राशि की बोली को किस नियम के तहत मंजूरी दी गई। उनका कहना है कि पूरी प्रक्रिया से नगर निगम को भारी राजस्व नुकसान होने की आशंका है।
मेयर ने टेंडर से जुड़े सभी रिकॉर्ड, दस्तावेज और टेंडर रद्द करने के कारणों की जानकारी नगर आयुक्त से मांगी है। साथ ही पूरे मामले की जांच कर तथ्यों को स्पष्ट करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में निगम को किसी तरह का वित्तीय नुकसान न हो।

