पाकुड :-SSC-CGL समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने पाकुड़ में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीसी और एसपी कार्यालय के समीप प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड में JSSC-CGL समेत कई परीक्षाओं में छात्रों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच जरूरी है, ताकि कथित अनियमितताओं की सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने सरकार पर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्र-छात्राओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाना चाहिए। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, भाजपा उनके समर्थन में आंदोलन जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष, भाजपा

