रांची:– भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के दलादली स्थित फार्म हाउस में एक विशाल जहरीला कोबरा मिलने से हड़कंप मच गया। सांप को देखते ही फार्म हाउस के कर्मचारियों ने स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद 6 फीट से अधिक लंबे कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान सांप को हल्की चोट लगने की बात सामने आई है। टीम के मुताबिक, सांप करीब 18 साल पुराना बताया जा रहा है। उपचार के बाद उसे जंगल में छोड़ने की तैयारी की गई।
रेस्क्यू टीम के सदस्य नारायण प्रामाणिक ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम दलादली स्थित फार्म हाउस पहुंची। वहां मौजूद कर्मचारियों ने बड़े सांप के दिखाई देने की जानकारी दी, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। काफी देर की कोशिश के बाद सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
जिस समय फार्म हाउस में सांप मिला, उस दौरान धोनी या उनके परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था। रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे मारने के बजाय तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें। इससे इंसानों और सांप दोनों की जान बचाई जा सकती है।

