HomeCrimeहजारीबाग में अवैध लॉटरी की बड़ी खेप बरामद, 90 हजार टिकटों के...

हजारीबाग में अवैध लॉटरी की बड़ी खेप बरामद, 90 हजार टिकटों के साथ पिकअप चालक गिरफ्तार

हजारीबाग: जिले में अवैध लॉटरी के कारोबार के खिलाफ टाटीझरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 17 माइल टाटीझरिया के पास एक पिकअप वाहन को रोककर भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट बरामद किए। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:10 बजे सूचना मिली थी कि हजारीबाग से टाटीझरिया होते हुए बगोदर की ओर एक पिकअप वाहन में अवैध लॉटरी टिकटों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी इन्द्रजीत कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने 17 माइल के पास वाहन की निगरानी शुरू की। इसी दौरान हजारीबाग की ओर से सफेद रंग की पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों की मदद से पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बगोदर निवासी विकाश कुमार प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप वाहन JH02BW3718 को भी जब्त कर लिया।

वाहन की तलाशी के दौरान प्लास्टिक के बोरों में सील किए गए 30 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में दो कार्टुन थे, यानी कुल 60 कार्टुन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इन कार्टुनों में करीब 90 हजार अवैध लॉटरी पेपर रखे हुए थे।

मामले में टाटीझरिया थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और लॉटरी (विनियमन) अधिनियम 1998 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और बगोदर में किसे पहुंचाई जानी थी। साथ ही अवैध लॉटरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments