रांची: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रांची नगर निगम क्षेत्र में आवास की उम्मीद लगाए बैठे लाभुकों के लिए बड़ी जानकारी सामने आई है। योजना के तहत अब तक 4075 लोगों ने आवेदन किया, जिसमें से नगर निगम ने 2902 आवेदनों को स्वीकृति दी है। हालांकि, स्वीकृत आवेदनों पर आगे की प्रक्रिया फिलहाल फंड मिलने का इंतजार कर रही है।
रांची नगर निगम के सहायक प्रशासक मुकेश रंजन के अनुसार, योजना के तहत लाभार्थी आधारित निर्माण (BLC) और भागीदारी में किफायती आवास (AHP) के लिए प्राप्त आवेदनों में से 1173 आवेदनों में जरूरी दस्तावेजों में त्रुटियां पाई गईं। दस्तावेज सही नहीं होने के कारण इन आवेदनों को रद्द कर दिया गया।
610 आवेदनों की DPR तैयार हो रही
नगर निगम के मुताबिक, स्वीकृत 2902 आवेदनों में से 610 आवेदनों की डीपीआर (Detailed Project Report) तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि योजना के लिए अभी तक केंद्र या राज्य सरकार की ओर से राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। फंड मिलते ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
किन परिवारों को मिल सकता है योजना का लाभ?
PMAY-Urban 2.0 के तहत ऐसे आर्थिक रूप से कमजोर, निम्न आय और मध्यम आय वर्ग के परिवार पात्र हो सकते हैं, जिनके पास देश में कहीं भी अपना पक्का मकान नहीं है। साथ ही पिछले 20 वर्षों में किसी सरकारी आवासीय योजना के तहत मकान आवंटित नहीं हुआ होना चाहिए।
योजना के प्रमुख घटक
- BLC और AHP: तीन लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों के लिए।
- ब्याज सब्सिडी योजना (ISS): नौ लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन के दौरान सामान्य तौर पर आधार कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, जमीन से जुड़े दस्तावेज और भारत में कहीं भी पक्का मकान नहीं होने का शपथ पत्र जैसे दस्तावेज जरूरी हैं।
भूमि के दस्तावेजों के मामले में आवेदक को जमीन की स्थिति के अनुसार खतियान, वंशावली, बंटवारानामा, अंचल रसीद, डीड/पट्टा, म्यूटेशन पेपर आदि जमा करने पड़ सकते हैं।
इसके अलावा आवेदक के पति या पत्नी के आधार कार्ड, माता-पिता के आधार कार्ड, अपडेटेड बैंक पासबुक और परिवार की फोटो जैसे दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं।
फिलहाल 2902 स्वीकृत आवेदकों की नजर फंड जारी होने पर टिकी है। राशि उपलब्ध होने के बाद ही आवास निर्माण और योजना से जुड़ी अगली प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।


