रांची: अरगोड़ा स्थित माही रेस्टोरेंट के संचालक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रकम नहीं देने पर परिवार समेत जान से मारने और रेस्टोरेंट में आग लगाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मामले में रेस्टोरेंट संचालक दिनेश कुमार मिश्रा ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
FIR में पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल, अनूप गर्ग और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, 19 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे दिनेश मिश्रा रेस्टोरेंट में बैठे थे। इसी दौरान रवि प्रकाश जायसवाल एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने खुद को अनूप गर्ग की ओर से भेजे जाने की बात कही।
इसके बाद कथित तौर पर दिनेश मिश्रा से उनके बड़े भाई संजय मिश्रा द्वारा अनूप गर्ग के खिलाफ रांची जिला न्यायालय और दिल्ली हाईकोर्ट में दायर क्वैशिंग याचिका वापस लेने को कहा गया। आरोप है कि इसी दौरान एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और सात दिनों के भीतर रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
दिनेश मिश्रा का कहना है कि पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई प्राथमिकी
मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल ने दिनेश मिश्रा और अरविंद मिश्रा के खिलाफ अरगोड़ा थाना में अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है।
रवि प्रकाश ने आरोप लगाया कि उन्हें समझौते के लिए केएफसी के पास स्थित दुकान पर बुलाया गया था। वहां कथित तौर पर केस में समझौता करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज करने के साथ सोने की चेन और 13 हजार रुपये निकालने का भी आरोप लगाया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक करोड़ रुपये के लेन-देन का तकादा करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अरगोड़ा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की जांच करने के साथ-साथ CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


