धनबाद: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच धनबाद पुलिस ने जांच को और प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराध की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम धनबाद समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच की प्रक्रिया, डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और आधुनिक तकनीक की मदद से अपराधियों तक पहुंचने के तरीकों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि साइबर अपराध के मामलों में मोबाइल फोन, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्य बेहद अहम होते हैं।
डिजिटल सबूतों की सुरक्षा पर जोर
प्रशिक्षण में फॉरेंसिक एविडेंस के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि डिजिटल साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित रखना और उनका सही विश्लेषण करना जांच को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
धनबाद के डीएसपी सीसीआर सह साइबर प्रदीप कुमार साव ने कहा कि साइबर अपराध पुलिस के सामने लगातार बड़ी चुनौती बन रहा है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों को आधुनिक तकनीक और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जानकारी देना जरूरी है, ताकि मामलों का तेज, प्रभावी और वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों को मिले इस प्रशिक्षण के बाद साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच में तकनीकी दक्षता बढ़ने और अपराधियों तक तेजी से पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।


