रांची: जेपीएससी और जेएसएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के बाद छात्र संगठनों ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। रिफॉर्म मंच ने सरकार पर छात्रों के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को राज्यभर में मुख्यमंत्री के पुतला दहन का ऐलान किया है।
रिफॉर्म मंच के रविंद्र पासवान ने कहा कि कोर्ट में हुई कार्रवाई से छात्रों को ठगा हुआ महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार की ओर से छात्रहित में काम करने की बात कही गई थी, लेकिन कोर्ट की कार्यवाही में सरकार की मंशा नजर नहीं आई।
मंच के कुणाल प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से कोई प्रभावी पैरवी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार छात्रों के हित में ठोस कदम नहीं उठाती है तो मंच दो महीने का इंतजार नहीं करेगा और इससे पहले ही बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मंच ने दावा किया कि प्रस्तावित आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे। साथ ही मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी गई है। रिफॉर्म मंच ने ये बातें रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहीं।


