HomeJharkhandचाईबासा में डायन के शक में 58 वर्षीय महिला की हत्या, जंगल...

चाईबासा में डायन के शक में 58 वर्षीय महिला की हत्या, जंगल में मिला शव; दो आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पंडावीर गांव में डायन होने के संदेह में 58 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शंकरी सुरीन के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में बुधराम गोप और पलटन सुरीन को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात शंकरी सुरीन अपने पति सानगी सुरीन के साथ घर में थी। इसी दौरान चार-पांच लोग उसके घर पहुंचे और कथित तौर पर उसे जबरन अपने साथ ले जाने लगे। पति ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी महिला को अपने साथ लेकर वहां से चले गए।

देर रात तक शंकरी के वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह गांव के मुंडा ने घटना की जानकारी मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान गांव से करीब सात किलोमीटर दूर पासुबेड़ा क्षेत्र के सौदाबुरु जंगल में महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, महिला की कनपटी पर पत्थर से चोट के निशान मिले हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे महिला पर डायन होने का संदेह किए जाने की बात सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि महिला को घर से जंगल तक किन परिस्थितियों में ले जाया गया और हत्या की वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments